शनिवार, 23 जनवरी 2010

खास खबर

ये जूते खाने में आएगा मजा!
पेरिस। क्या आपने कभी जूते खाए हैं? यह पूछेंगे, तो किसी को भी गुस्सा आ जाएगा। लेकिन यहां सचमुच जूते खाने की बात हो रही है। ऐसे जूते, जिन्हें खाने के बाद कोई भी तारीफ किए बिना नहीं रह पाता।
दरअसल, फ्रांस की एक बेकरी ने महिलाओं के जूतों के आकार की चाकलेट बनाई हैं। जिन्हें खाने वाले कतई बुरा नहीं मानते और प्यार से मुस्कराते हैं।
चाकलेट का व्यवसाय करने वाली, फ्रांसेस कूले नाम की महिला के दिमाग में यह आइडिया आया। उसने जूतों साथ ही महिलाओं के हेंड बैग के आकार की भी चाकेलट बनाई हैं। उन्होंने जेबरा की धारियों की डिजायन में भी जूते बनाए हैं।
47 वर्षीय कूले ब्रिस्टल में क्लिफ्टन केक के नाम से बेकरी की कंपनी चला रही हैं। इन जूतों और हेंड बैग के आकार के चाकलेटों की कीमत 8.5 पौंड से 21 पौंड [करीब साढ़े छह सौ से डेढ़ हजार रुपये] तक है।
कूले ने बताया, इन चाकलेट को देखकर ग्राहक काफी आश्चर्य में पड़ जाते हैं। महिलाओं को देने के लिए ये एक उपयुक्त उपहार है। उन्होंने बताया, ये चाकलेट काफी जल्दी बिक जाती है। पिछले साल भी लोगों को ये काफी पसंद आई थीं।
मिसेज कूले ने दस साल पहले अपनी कंपनी की शुरुआत की थी। इससे पहले वह ग्राफिक डिजायनर के रूप में नौकरी करती थीं। लेकिन अपने केक और चाकलेट के शौक को पूरा करने के लिए उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी।
दो बच्चों की मां कूले अपने घर से ही इस व्यवसाय को चला रही हैं। इसके साथ ही वह शहर के 25 दुकानों को चाकलेट और केक की आपूर्ति करवाती हैं। उनके चाकलेटी जूतों के डिजायन इतनी में चर्चा है कि लंदन के कई बेकरी वाले भी इनको खरीदने में उत्सुकता दिखा रहे हैं।

बेचारा मुर्गा क्या
लंदन। मुर्गा अगर सुबह बांग न दे, तो कैसा मुर्गा? लेकिन ब्रिटेन में मुर्गे को बांग देने के कारण लोगों की नाराजगी का शिकार होना पड़ा। जिस दंपती ने इसे पाल रखा था, उनकी आस-पड़ोस के लोगों ने पर्यावरण अधिकारियों से शिकायत कर दी।
हुआ यह कि ब्रिटेन के रैम्सडीन इलाके में रहने वाले स्टीफन और लेना का मुर्गा सुबह के पांच बजे से ही बांग देने लगता था। मुर्गे की बांग से पड़ोसियों की नींद खराब होती थी। लेना के बगल में रहने वाले फिलिप और स्यू मेब ने तंग आकर स्थानीय पर्यावरण अधिकारी से शिकायत कर दी। उसके बाद पर्यावरण अधिकारियों ने मुर्गे की आवाज की तीव्रता को यंत्रों से मापा और जांच परख के बाद मुर्गे के मालिक लेना और स्टीफन को नोटिस थमा दिया।
41 वर्षीय लेना ने बताया पड़ोसियों की वजह से वह अपने मुर्गे कोलिन को कई बार घर से दूर छोड़कर आई। लेकिन वे हर बार वापस लौट आए। लेना का कहना है, अब समझ में नहीं आता कि कोलिन का क्या करें। लेना का कहना है कि उन्होंने इसके लिए कोलिन को कई बार मार भी लगाई। लेकिन वो अपनी मासूम आंखों से केवल उनको देखता रहता है। पर्यावरण अधिकारियों का कहना है कि लेना और स्टीफन ने अगर इस मुर्गे को सुबह बांग देने से नहीं रोका, तो उन्हें अदालती कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है। लेना को डर है कि कोलिन को कोई जान से न मार दे।


एक जगह जब जमा हों मोटे..
लंदन। अगर भारी भरकम शरीर वाले कई लोग एक ही कमरे में जमा हो जाए तो क्या होगा? मजाकिया लहजे में आपका जवाब होगा वहां भूचाल आ जाएगा। लेकिन यह वाक्या हकीकत में स्वीडन की एक वजन घटाने का दावा करने वाली क्लीनिक में हुआ।
अपने मोटापे से परेशान लोग इन दिनों वजन कम करने के लिए डायटीशियन की सलाह ले रहे हैं। स्वीडन की एक क्लीनिक में ऐसे कई मरीज एक साथ जमा हुए थे। मरीजों की संख्या को देखते हुए डायटीशियन ने उन्हें कतारबद्ध होने को कहा ताकि उनके वजन को नापा जा सके। उसी समय वहां पर जमीन से कुछ आवाज आने लगी, लोगों को लगा भूचाल आ गया है। सभी इधर उधर भागने लगे और चीखने चिल्लाने लगे। लेकिन थोड़ी बाद उन्हें एहसास हुआ कि भूचाल नहीं आया है। चारों तरफ निगाह दौड़ाने पर सभी उस समय भौंचक रह रह जब उन्होंने देखा यह भूचाल नहीं दरअसल, वजन ज्यादा होने के कारण कमरे के एक तरफ का फर्श धंस गया था।
आनन फानन में सभी को कमरे के बचे हिस्सों में फैलने को कहा गया। राहत की बात यह रही किसी को भी इसमें मामूली खरोंच तक नहीं आई। सभी को सुरक्षित वहां के गलियारों से निकाल दिया गया। हालांकि फर्श के जमीन में धंसने की जांच की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें