सोमवार, 10 जनवरी 2011

देश-विदेश

फि‍लीपींस - एक जादुई दुनि‍या
दुनिया के दूसरे सबसे बड़े 7000 द्वीपों के समूह, फिलीपीन्स में कई प्राकृतिक आश्चर्य हैं। यहाँ खूबसूरत समुद्र तट हैं और यहाँ के समुद्र दुनिया के कुछ बेहतरीन डाइविंग साइट्स में से हैं। यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता बहुत ही लुभावनी है। फिलीपीन्स में कई सक्रिय ज्वालामुखी भी हैं। यहाँ सालभर कई फेस्टिवल्स मनाए जाते हैं और उनमें विदेशी मेहमानों को भी खुशी-खुशी शामिल किया जाता है। यहाँ के मिलनसार लोग और संस्कृति फिलीपीन्स को अद्वितीय बनाते हैं। यह कई दुर्लभ पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं का घर है।
मनीला बे ह लुज़ोन स्थित एक प्राकृतिक बंदरगाह है, जो पड़ोस के बटान और केवाइट तक के क्षेत्र में फैला हुआ है। यह दक्षिण पूर्व एशिया का सबसे अच्छा बंदरगाह है जिसकी गिनती दुनिया के बेहतरीन प्राकृतिक बंदरगाहों में की जाती है। मनीला बे की खूबसूरती का अंदाज़ा इस बात से बखूबी लगाया जा सकता है कि यहाँ आकर कई लेखक और कलाकार अपनी उत्तम कृतियों के लिए प्रेरित हुए। सूर्यास्त के समय यहाँ का दृश्य बहुत मनमोहक होता है।
पलावनपलावन का वर्णन करने के लिए सबसे अच्छा शब्द होगा 'जादुई दुनिया'। यहाँ की असाधारण सुंदरता बेजोड़ है। पलावन का नीला हरा पानी यहाँ की सुंदरता में चार चाँद लगाता है। यहाँ कई रिसोर्ट हैं और यह दुर्लभ वनस्पति और जीव-जंतुओं का घर भी है।
मॉल आफ एशिया मॉल आफ एशिया दुनिया के सबसे बड़े मॉल्स में से एक है। 386224 वर्गमीटर के क्षेत्र में फैले इस मॉल में 600 से भी अधिक दुकानें और करीब 150 ईटिंग जॉइंट्स हैं। इसके अलावा मनोरंजन के लिए यहाँ ओलिंपिक साइज़ स्केटिंग रिंग और सिनेमा हॉल आदि भी हैं।
यह मॉल अपने विशाल क्षेत्र के कारण काफी लोकप्रिय है। अपनी तरह के इस मॉल में एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए २० सीटर ट्रैम की व्यवस्था भी है।
बगुइओशहरी आपाधापी और गर्म मौसम से निजात पाने के लिए लोग बगुइओ आना काफी पसंद करते हैं। बगुइओ को 'समर केपिटल ऑफ फिलीपीन्स' भी कहते हैं। यह जगह 'कैंप जॉन हे', 'राइट पार्क', बर्नहम पार्क जैसे खूबसूरत उद्यानों के लिए प्रसिद्घ है। बगुइओ में काफी हरियाली है और यहाँ 'पाइन ट्रीज़' भी बहुत अधिक हैं। फरवरी महीने में यहाँ 'पनागबेंगा' नामक फ्लावर फेस्टिवल होता है।
बनऊ राइस टेरेस
यह 2000 साल पुराना लैंडमार्क युनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट है। यहाँ पहाड़ों पर चावल की सीढ़ीदार खेती की जाती है। यहाँ पहाड़ों पर ये सीढ़ियाँ वर्षों पहले 'इफुगाओ' निवासियों ने बनाई थी। बनऊ राइस टैरेसेस को दुनिया का आठवाँ अजूबा भी माना जाता है।
बहोल
यह फिलीपीन्स के कुछ सबसे मनोहर द्वीपों में से एक है। यहाँ विविधतापूर्ण वन्यजीवन, सघन हरियाली और जंगलों के साथ ही मोहक समुद्रतट भी हैं। बहोल का एक विश्वप्रसिद्घ आकर्षण है 'चॉकलेट हिल्स'। यहाँ १२०० से भी अधिक कोन के आकार की पहाड़ियाँ हैं, जो असाधारण रूप से समान साइज़ की हैं। इन पहाड़ियों की हरी घास गर्मियों में भूरे रंग की हो जाती है इसीलिए इनका नाम 'चॉकलेट हिल्स' पड़ गया।
विगनयदि आप यह देखना चाहें कि स्पेनिश शासन के समय फिलीपीन्स कैसा लगता था, तो यहाँ ज़रूर आएँ। विगन एक वर्ल्ड हेरिटेज साइट है। यहाँ का स्पेनिश आर्किटेक्चर आज भी पहले की तरह बरकरार है। इस पूरे शहर में सुंदर अद्वितीय आर्किटेक्चरल डिज़ाइन्स देखने मिलते हैं। यहाँ की सड़कों-गलियों में भी 'कोबलस्टोन' लगे हैं। यहाँ उपलब्ध ख़ास सवारी 'कालेज़ास' विशेष अनुभव को पूरा करती है।
सेबूसेबू या 'क्वीन सिटी ऑफ द साउथ' फिलीपीन्स की बेहतरीन जगहों में से एक है। यहाँ पर नगरीय, महानगरीय और ग्रामीण जीवन का शानदार संयोजन है। सेबू में कई विस्मयकारी समुद्रतट हैं, जहाँ आप साफ नीले पानी और सफेद रेत का मज़ा ले सकते हैं। साथ ही सेबू सिटी में आपको गगनचुंबी इमारतें, मॉल्स और होटेल्स मिलेंगे।
बोराकेबोराके आए बिना फिलीपीन्स की यात्रा अधूरी है। यहाँ दुनिया के कुछ सबसे खूबसूरत समुद्रतट हैं जो पर्यटकों का मन मोह लेते हैं। बीच पर लुत्फ उठाने के अलावा आप यहाँ कई तरह के लज़ीज़ व्यंजनों का स्वाद भी ले सकते हैं। यहाँ कई रेस्टोरेंट हैं जहाँ पारंपरिक फिलिपिनो व्यंजनों के साथ योरपीय व एशियाई व्यंजन भी परोसे जाते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें