शुक्रवार, 14 जनवरी 2011

छत्तीसगढ़ की खबरें

छत्तीसगढ़ : पानी भी हुआ महंगा

रायपुर.प्रदेश में पानी तीन गुना से अधिक महंगा हो गया है। अब प्रत्येक उपभोक्ता को प्रति नल कनेक्शन पर हर महीने 60 के बजाय 200 रुपए देना होगा। बढ़ी हुई दर अगले वित्त वर्ष (अप्रैल से) से लागू होगी और सिर्फ संपत्ति करदाता ही इसकी जद में होंगे। राज्य सरकार ने 13 साल बाद पानी की दरें बढ़ाई हैं।
गरीबी रेखा से नीचे बसर करने वालों को भागीरथी नल जल योजना के अंतर्गत पुरानी दर पर ही पानी मुहैया होगा। पिछली बार जल दरों में इजाफा 1997 में अविभाजित मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने किया था। उसी दर अब तक पानी मिल रहा है।नगरीय निकाय लंबे समय से पानी दर में इजाफे की मांग करता आ रहा था।
स्थानीय निकाय की दलीलें
> वाटर मैटेंनेंस पर भारी भरकम खर्च होता है, जबकि मौजूदा दर से आमदनी न के बराबर है। नगरीय निकायों के ऊपर बिजली विभाग का वाटर सप्लाई आपरेशंस की मद में ही 50 करोड़ रु. का बकाया है।
> केंद्र सरकार ने अनिवार्य सुधार के तहत वाटर सप्लाई और सॉलिड वेष्ट मैनेजमेंट के रखरखाव का पूरा खर्च लोकल बॉडी को वहन करने की अनिवार्यता कर दी है। ऐसा नहीं होने पर केंद्र से मिलने वाली अनुदान राशि नहीं मिलेगी।
> नगरीय निकायों से यह भी कहा गया है कि वे अवैध कनेक्शन पर लगाम लगाए।
नगर निगम का प्रति कनेक्शन खर्च
रायपुर 225
जगदलपुर 320
रायगढ 232
भिलाई 498
चिरमिरी 482
राजनांदगांव 210
दुर्ग 240
बिलासपुर 212
अंबिकापुर 262
कोरबा 302


जो सोया फिर उठ नहीं पाया पूरा परिवार
रायगढ़.जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम फुटहामुड़ा में एक परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध मौत हो गई। मृतकों में किसान शंभू राठिया, उनके दो पुत्र और एक बेटी शामिल हैं, वहीं पत्नी की हालत गंभीर है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि मौत जहरीले भोजन या अंगीठी के धुएं से हुई है।
40 वर्षीय शंभू अपने परिवार के साथ खाना खाकर बुधवार की रात सोने चले गए। गुरुवार की सुबह 6 बजे तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला, तो उनके भाई संतूराम राठिया ने अपनी पत्नी पंचवती को शंभू के घर भेजा।
आवाज देने पर भी किसी प्रकार का जबाव नहीं मिलने पर पंचवती ने इसकी जानकारी पति को दी। गांव वालों की मौजूदगी में जब संतूराम भाई के घर में घुसे तो शंभू, उसके 15 वर्षीय व 5 वर्षीय बेटे बालकुमार व उमाशंकर और 13 वर्षीय बेटी सविता मृत पड़ी थी।
वहीं पत्नी करमेश बाई बेसुध हालत में थी। लैलूंगा पुलिस ने महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। एएसपी विवेक शुक्ला के अनुसार रात में खाए भोजन में कोई जहरीला पदार्थ मिला हो सकता है, या फिर गर्मी लाने के लिए कमरे में जलाई गई अंगीठी से उनका दम घुट गया होगा। महिला के होश में आने पर ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

स्टेशन पर नक्सल साहित्य मिलने से अफरा-तफरी
रायपुर.रेलवे स्टेशन के पार्सल गोदाम में छह दिन पहले मिले नक्सली साहित्य की बात गुरुवार शाम फूट पड़ी। जीआरपी के जरिए इसका पता चला और इंटिलिजेंस की टीम ने तभी इसे जब्त कर पार्सल गोदाम को सील कर दिया।
साहित्य की जांच की जा रही है। इसकी जानकारी गुप्त रखी गई थी, लेकिन स्टेशन सूत्रों के हवाले से यह खबर फैली और अफरा-तफरी मच गई।
नक्सली साहित्य पटना स्टेशन से रायपुर के लिए बुक हुआ था, जो 10 महीने पहले प्लेटफार्म पर उतारा गया था। साहित्य छह बंडलों में पड़े हैं, जो पार्सल गोदाम के एक कोने में सड़ रहे थे।
6 जनवरी को स्टेशन पर एक जीआरपी का जवान अपनी गाड़ी बुक करवाने गया, तो उसकी नजर इन साहित्य के बंडलों पर पड़ी। एक बंडल खुला हुआ था और वह किताबों को देखकर भौचक्क रह गया।
उसने तत्काल जीआरपी के टीआई एसएस शुक्ला को इसकी जानकारी दी। उन्होंने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर साहित्य की जांच की और इस बारे में बड़े अफसरों को खबर किया। इंटेलिजेंस और क्राइम ब्रांच की टीम ने साहित्य के बंडलों को जब्त कर इसकी जांच शुरू कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें