रविवार, 25 अप्रैल 2010

पर्यटन

चीन में कीजिए बाघ की सवारी
बाघ को देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं। लेकिन चीन के एक चिड़ि‍याघर में पर्यटकों को बाघ की सवारी कराई जा रही है। पर्यटक भी बेखौफ होकर इसका लुत्फ ले रहे हैं। इसका खर्चा मात्र 30 युआन (करीब दो सौ रुपए) है। झेजियांग राज्य के वेनझोऊ चिड़ियाघर में पर्यटकों को बाघ की सवारी करवाई जा रही है।
यही नहीं बाघ पर बैठकर वह अपनी फोटो भी खींचा सकते हैं। हालाँकि कई लोग इसकी आलोचना भी कर रहे हैं। वेनझोऊ मेट्रोपोलिटन न्यूज के अनुसार यहां प्रतिदिन बाघ का शो किया जाता है। करीब बीस मिनट के शो के बाद पर्यटकों को बाघ को छूने के लिए बुलाया जाता है।
चिड़ियाघर के तीन कर्मचारी इस दौरान बाघ पर नियंत्रण रखते हैं। एक कर्मचारी पर्यटक को बाघ पर बैठाकर फोटो खींचता है। इसके एवज में वहाँ मौजूद एक महिला शुल्क वसूलती है। महिला ने बताया यह बाघ पालतू हैं और उसके दाँत और नुकीले नाखून निकाल दिए गए हैं।
वहीं एक पर्यटक लाओ शिबो ने इस पर नाराजगी जाहिर की । उसने कहा यह काफी खतरनाक है। यह जानवरों के साथ दुर्व्यवहार करने जैसा है। चिड़ियाघर को पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फोटो खिंचाने की इजाजत नहीं देनी चाहिए। चिड़ियाघर के प्रवक्ता ने बताया कि हमने इसके लिए प्रशिक्षित लोगों को रखा है। हम उन्हें इसके लिए भुगतान करते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें